#क्राइम #राज्य-शहर

दो माह से वेतन नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारियों का हंगामा, नगर पालिका कार्यालय में धरना

थानागाजी। थानागाजी नगर पालिका के अधीन कार्यरत करीब 100 सफाई कर्मचारियों को पिछले लगभग दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण मंगलवार को कर्मचारियों का आक्रोश फूट पड़ा। सफाई कर्मचारियों ने वेतन भुगतान के साथ नियमित नौकरी की मांग को लेकर कस्बे में प्रदर्शन किया और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने अलवर मार्ग, जयपुर मार्ग और प्रतापगढ़ मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर नालियों से कचरा निकालकर सड़क किनारे और दुकानों के सामने डाल दिया। इससे व्यापारियों और सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में आपसी समझाइश से मामला शांत हुआ।

इसके बाद सभी सफाई कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। कार्यालय परिसर में लगाए जा रहे शिविर की जगह पर भी कर्मचारियों ने कब्जा कर लिया और कुर्सियों पर बैठकर प्रदर्शन किया।

वहीं महिला सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार के ऊपर धरना देकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के धरने के कारण कार्यालय में आने-जाने वाले लोगों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें करीब दो माह से वेतन नहीं मिला है और वे लंबे समय से नियमित नौकरी की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *