#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में निराश्रित गोवंश का आतंक, बाइक के सामने गाय आने से भाई-बहन घायल

अलवर। शहर में निराश्रित गोवंश की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़कों पर खुलेआम घूम रहे गोवंश के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। मंगलवार सुबह दशहरा मैदान के पास एक गाय अचानक बाइक के सामने आ गई। गाय से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार राठनगर निवासी आसिफ अपनी बहन मुस्कान को बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा दिलाने के लिए बाबू शोभाराम कला महाविद्यालय जा रहा था। इसी दौरान दशहरा मैदान के समीप अचानक एक गाय बाइक के सामने आ गई। गाय से बचने के प्रयास में आसिफ ने बाइक को संभालने की कोशिश की, लेकिन बाइक असंतुलित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में आसिफ और मुस्कान को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायल आसिफ के पिता एसके राणा ने शहर में निराश्रित गोवंश की समस्या को लेकर नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में गोवंश घूम रहा है और इसके कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम की ओर से कोई ठोस योजना नजर नहीं आ रही है।

एसके राणा ने कहा कि गोवंश को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर लोग एकजुट हो जाते हैं, लेकिन सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से शहर में खुले घूम रहे गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *