#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से युवती की मौत, दो युवक घायल; अस्पताल में हंगामा

अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसके साथ स्कूटी पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा आर्ट्स कॉलेज के सामने ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, मालाखेड़ा के पास भंडोडी निवासी दशरथ सिंह और उसका दोस्त प्रदीप अलवर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और 60 फीट रोड स्थित किराए के मकान में रहते हैं। प्रदीप की पहचान दशरथ की रिश्तेदार लक्ष्मी से हुई थी। गुरुवार शाम बारिश के बाद तीनों एक ही स्कूटी पर घूमने निकले थे और जेल चौराहे के पास स्थित पार्क की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया से उतर रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लक्ष्मी उछलकर सड़क पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद पास के खटीक छात्रावास के छात्रों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत तीनों को राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का ट्रॉमा वार्ड में उपचार जारी है। मृतका का शव मोर्चरी में रखवाया गया है और शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी अलवर के काला कुआं क्षेत्र में रहती थी और मालाखेड़ा के एक निजी विद्यालय में कार्यरत थी।

घटना के बाद अस्पताल में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब मृतका के परिजन बड़ी संख्या में पहुंचे। आरोप है कि 15-20 लोगों ने घायलों को घेरकर मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन उससे पहले ही एक घायल युवक प्रदीप वहां से चला गया, जबकि दूसरे युवक दशरथ को पुलिस ने सुरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया।

पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें –ललित मोदी की वापसी की तैयारी: विवाद, वैभव और 16 साल की लड़ाई के बाद नया मोड़

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *