छात्र प्रदर्शन के बीच अभिनेत्री आयशा खान ने हिरासत का किया दावा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मुंबई में छात्रों के समर्थन में आयोजित विरोध-प्रदर्शन के बीच अभिनेत्री आयशा खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आयशा ने दावा किया कि उन्हें बिना कोई स्पष्ट कारण बताए मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अभिनेत्री का कहना है कि वह किसी प्रदर्शन का नेतृत्व नहीं कर रही थीं और केवल सड़क पर मौजूद थीं। हालांकि, उनके दावों पर मुंबई पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इंस्टाग्राम पर साझा किए कई वीडियो
आयशा खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो साझा किए, जिनमें वह भावुक दिखाई दीं। उन्होंने दावा किया कि शांतिपूर्ण तरीके से सड़क पर खड़े रहने के बावजूद उन्हें पुलिस वैन में बैठा दिया गया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनके हाथ कांप रहे थे क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उन्हें किस आधार पर रोका गया। अभिनेत्री के मुताबिक, उनके भाई और कुछ परिचितों को पहले ही पुलिस ने रोक लिया था और वह केवल उनके बारे में जानकारी लेने के लिए वहां मौजूद थीं।
छात्र ने भी हिरासत में लेने का लगाया आरोप
आयशा द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में एक छात्र भी नजर आता है, जिसने दावा किया कि उसका गणित का प्रैक्टिकल परीक्षा थी, लेकिन उसे भी बिना कारण हिरासत में ले लिया गया। छात्र ने आशंका जताई कि यदि वह परीक्षा में शामिल नहीं हो पाया तो उसका शैक्षणिक नुकसान हो सकता है। हालांकि, छात्र के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो भी तेजी से साझा किया जा रहा है।
‘मुझे कहां ले जाया जा रहा है?’
एक अन्य वीडियो में आयशा खान पुलिसकर्मियों से लगातार पूछती दिखाई देती हैं कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है। अभिनेत्री का दावा है कि उन्हें इस संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वह पूरी स्थिति को समझने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। इस दौरान उन्होंने अपनी नाराजगी भी जाहिर की और कहा कि किसी व्यक्ति को बिना कारण बताए हिरासत में लेना सवाल खड़े करता है।
‘मैं न प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही थी, न नारेबाजी’
आयशा खान ने एक अन्य वीडियो में दावा किया कि वह किसी समूह का नेतृत्व नहीं कर रही थीं, न ही नारेबाजी कर रही थीं और न ही किसी तरह की अशांति फैलाने में शामिल थीं। उन्होंने कहा कि वह पांच या उससे अधिक लोगों के समूह का हिस्सा भी नहीं थीं। अभिनेत्री ने सवाल उठाया कि यदि कोई व्यक्ति केवल सड़क पर खड़ा हो, तो उसे किस कानूनी आधार पर हिरासत में लिया जा सकता है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार
आयशा खान के वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कई यूजर्स इस घटना पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं, समाचार लिखे जाने तक मुंबई पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही सामने आ सकेगी।