बानसूर में जमीन विवाद बना खूनी जंग, ट्रैक्टर से कुचलकर ताऊ की मौत; दो घायल
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बबेरा गांव में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने अपने ही रिश्तेदारों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे 60 वर्षीय संतराम गुर्जर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पुराने जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप
बानसूर थाना क्षेत्र के बबेरा गांव में गुरुवार सुबह जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक ही परिवार से जुड़े हैं और लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुरुआत में कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी करवाया, लेकिन कुछ देर बाद विवाद फिर भड़क गया और स्थिति बेकाबू हो गई।
ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप, बुजुर्ग की मौत
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि एक पक्ष के युवकों ने ट्रैक्टर से विरोधी पक्ष के लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में संतराम गुर्जर, रघुवीर गुर्जर और सुभाष गुर्जर घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान 60 वर्षीय संतराम गुर्जर की मौत हो गई। वहीं, अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें – सांवलिया सेठ के दरबार में अनोखी भेंट, जयपुर भक्त ने चढ़ाई 20 लाख की सोने की बांसुरी
सुबह समझौते के बाद दोबारा हुआ विवाद
डीएसपी मनीषा मीणा के अनुसार, बबेरा गांव में सुबह करीब 8 बजे लीलाराम, भगोता और मोतीलाल के परिवारों के बीच विवाद शुरू हुआ था। दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना मामला चल रहा था। ग्रामीणों की मध्यस्थता से कुछ समय के लिए विवाद शांत हो गया था, लेकिन बाद में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त, आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद बानसूर थाना पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद बबेरा गांव में तनाव का माहौल बन गया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। अस्पताल में भी मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवारिक विवाद में गई बुजुर्ग की जान
एक ही परिवार के लोगों के बीच जमीन विवाद का इतना गंभीर परिणाम सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका क्या रही। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।