Panchna Dam Dispute: मंत्री किरोड़ी लाल की समझाइश से खत्म हुआ धरना, खुला जाम; करौली-सवाई माधोपुर में 24 घंटे की नेटबंदी
राजस्थान के करौली जिले में पांचना बांध के पानी के बंटवारे को लेकर जारी विवाद फिलहाल शांत होता नजर आ रहा है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के साथ हुई वार्ता के बाद कमांड क्षेत्र के किसानों ने धरना समाप्त कर सड़क जाम खोलने का ऐलान किया। हालांकि, सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्टों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर करौली और सवाई माधोपुर के कुछ क्षेत्रों में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं।
मंत्री के आश्वासन के बाद किसानों ने खत्म किया आंदोलन
गंगापुर सिटी में देर रात चली वार्ता के दौरान कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने किसान प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि पांचना बांध के खराब गेट की मरम्मत 7 से 10 दिनों में पूरी कर दी जाएगी। इसके बाद कमांड क्षेत्र की नहरों में सुचारू रूप से पानी छोड़ा जाएगा। मंत्री ने किसानों से सड़क जाम समाप्त करने की अपील की, जिसे प्रतिनिधिमंडल ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद कुंसाय रायपुर में धरना समाप्त करने और सभी प्रमुख मार्गों से जाम हटाने की घोषणा की गई।
सोशल मीडिया पोस्टों के बाद 24 घंटे की नेटबंदी
विवाद के दौरान सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियों के प्रसार को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए। भरतपुर संभागीय आयुक्त ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से करौली तथा सवाई माधोपुर जिले के प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
गुर्जर समाज ने दी थी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
इससे पहले गुड़ला गांव में आयोजित महापंचायत में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला ने सरकार और प्रशासन से सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि समय रहते सड़क जाम नहीं खुलवाए गए और माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो गुर्जर समाज प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन और चक्काजाम कर सकता है। इसके बाद प्रशासन ने वार्ता और कानून-व्यवस्था दोनों स्तरों पर सक्रियता बढ़ाई।
उच्चस्तरीय बैठक में बनी आगे की रणनीति
पांचना बांध विवाद को सुलझाने के लिए कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एडीजी बीजू जॉर्ज, भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, आईजी कैलाश चंद बिश्नोई सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने करौली और गंगापुर सिटी में समीक्षा बैठकें कीं। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, जल वितरण व्यवस्था और तकनीकी समस्याओं पर चर्चा की तथा संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।