#राज्य-शहर

खेड़ली में प्रेमी युगल को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा, परिजनों ने बाजार में घेरा; पुलिस ने संभाला मामला

जयपुर से तीन दिन पहले लापता हुई एक युवती अपने प्रेमी के साथ अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में मिली। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को साथ ले जाने का प्रयास किया, लेकिन युवती ने इसका विरोध कर दिया। बाजार में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और बाद में मामले को जयपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

खेड़ली में कार में मिले प्रेमी-प्रेमिका

जानकारी के अनुसार जयपुर निवासी युवती तीन दिन पहले अपने घर से बिना बताए भरतपुर जिले के भुसावर निवासी युवक के साथ चली गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी का मामला जयपुर के खो नागोरियान थाने में दर्ज कराया था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने दोनों को खेड़ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पास देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग कार लेकर मौके पर पहुंचे और दोनों को घेर लिया।

परिजनों से भिड़ी युवती, बाजार में मचा हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिजन जब युवक को अपने साथ ले जाने लगे तो युवती ने इसका विरोध किया। उसने युवक को बचाने का प्रयास किया और दोनों एक-दूसरे से लिपटकर रोने लगे। इस दौरान काफी देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। युवती का कहना था कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं, जबकि परिवार उन्हें अलग करना चाहता है।

कारों की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि युवती ने अपने पिता की कार को पहचान लिया था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच हल्की टक्कर भी हुई, जिससे विवाद और बढ़ गया। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और बाजार में काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पहुंचाया

सूचना मिलने पर खेड़ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल व परिजनों को थाने ले गई। पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि युवती की गुमशुदगी का मामला पहले से जयपुर के खो नागोरियान थाने में दर्ज है। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया।

जयपुर पुलिस को सौंपा गया प्रेमी युगल

खेड़ली पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रेमी युगल को जयपुर के खो नागोरियान थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अब आगे की कार्रवाई जयपुर पुलिस द्वारा गुमशुदगी के दर्ज मामले और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच नियमानुसार जारी है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *