अली खामेनेई को आखिरी विदाई देते रो पड़े स्पीकर गालिबाफ, अराघची भी हुए भावुक, सामने आया VIDEO
तेहरान में उमड़ा जनसैलाब, नेताओं की आंखों में छलके आंसू
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान भावुक कर देने वाले दृश्य सामने आए। तेहरान के ग्रैंड मोसाला में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ अपने नेता को अंतिम विदाई देते समय फूट-फूटकर रो पड़े। वहीं, विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बेहद भावुक नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
श्रद्धांजलि समारोह में उमड़ी भीड़
फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, शुक्रवार को ग्रैंड मोसाला में अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। हजारों की संख्या में लोग अपने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान देश के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के साथ विदेशी प्रतिनिधिमंडलों ने भी शोक व्यक्त किया।
गालिबाफ का वीडियो हुआ वायरल
श्रद्धांजलि के दौरान संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ दुआ पढ़ते-पढ़ते भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। उनके पास खड़े विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी गमगीन दिखाई दिए। दोनों नेता हाल के वर्षों में ईरान की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय वार्ताओं में अहम भूमिका निभाते रहे हैं।
एक सप्ताह तक चलेगा अंतिम संस्कार कार्यक्रम
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, अंतिम संस्कार कार्यक्रम एक सप्ताह तक चलेगा। शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार 6 बजे से ग्रैंड मोसाला के द्वार फिर खोले जाएंगे ताकि लोग अंतिम दर्शन कर सकें। तेहरान प्रशासन ने समारोह के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
बगदाद में भी विशेष इंतजाम
फार्स न्यूज के अनुसार, इराक की राजधानी बगदाद में भी अली खामेनेई के अंतिम संस्कार जुलूस के मद्देनजर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कई इलाकों में गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
भारत ने भी दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार समारोह में भारत की ओर से भी उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा ने किया। भारत में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारतीय प्रतिनिधियों ने अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की।