#राज्य-शहर

कोटकासिम सब्जी मंडी में टूटा 11KV हाईटेंशन तार, पिकअप जलकर राख, बड़ा हादसा टला

मंडी में मचा हड़कंप, करंट की चपेट में आने से कुत्ते की मौत

खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम कस्बे की सब्जी मंडी में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 7 बजे मंडी के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। तार मंडी में खड़ी एक सब्जी लोडिंग पिकअप पर गिरते ही तेज धमाके के साथ आग लग गई और कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे के समय मंडी में किसान और व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद थे, लेकिन संयोगवश कोई व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया।

पिकअप में लगी आग, नीचे बैठे कुत्ते की मौके पर मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार टूटते ही पिकअप में आग की लपटें उठने लगीं। वाहन के नीचे बैठा एक आवारा कुत्ता करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद संबंधित फीडर की बिजली सप्लाई बंद की गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

व्यापारियों और किसानों ने बिजली विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद व्यापारियों और किसानों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि विभाग नियमित मेंटेनेंस का दावा करता है, लेकिन जर्जर बिजली लाइनों को समय पर नहीं बदला जाता। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले महीने भी इसी 11 केवी लाइन के तार दो बार टूट चुके हैं, जिससे खेतों में आग लगने की घटनाएं हुई थीं। शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।

जर्जर लाइनों को बदलने और कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में जर्जर बिजली लाइनों को तत्काल बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई है। घटना ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था की सुरक्षा और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *