#क्राइम #राज्य-शहर

सीकर में रीलबाज युवक गिरफ्तार, सरकारी दफ्तर के बाहर बनाई थी फिल्मी डायलॉग वाली वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत एक युवक को भारी पड़ गई। सीकर जिले के नीमकाथाना में सरकारी कार्यालय के बाहर फिल्मी अंदाज में रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर सरकारी संस्थानों की गरिमा को प्रभावित करने और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़ी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है।

तहसील कार्यालय के बाहर बनाई थी रील

मामला नीमकाथाना तहसील कार्यालय परिसर का है। जानकारी के अनुसार युवक ने नायब तहसीलदार कार्यालय के बाहर फिल्मी डायलॉग के साथ वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो वायरल होने के बाद तहसील प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और नीमकाथाना कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

सोशल मीडिया पर ‘खतरनाक खिलाड़ी’ नाम से था सक्रिय

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सिरोही निवासी मुकेश कुमार यादव के रूप में हुई। वह सोशल मीडिया पर ‘खतरनाक खिलाड़ी’ नाम से अकाउंट संचालित करता था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने सरकारी कार्यालयों के बाहर कई वीडियो बनाए थे। इसके अलावा वह बाइक स्टंट करते हुए भी वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

नीमकाथाना कोतवाली थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच की और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और वायरल होने के उद्देश्य से ऐसे वीडियो बनाता था।

गिरफ्तारी के बाद मांगी माफी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दिया। उसने कहा कि भविष्य में वह किसी भी सरकारी कार्यालय के बाहर रील नहीं बनाएगा और न ही बाइक स्टंट कर सोशल मीडिया पर वीडियो डालेगा।

पुलिस ने युवाओं को दी चेतावनी

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही युवाओं से अपील की गई कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए कानून और नियमों का उल्लंघन न करें। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंट और अनुचित कंटेंट के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *