#खेल

IPL 2026: अर्शदीप-तिलक विवाद पर प्रभसिमरन का खुलासा, बोले- दोनों बहुत अच्छे दोस्त हैं

आईपीएल 2026 के दौरान पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। वीडियो में अर्शदीप की एक टिप्पणी को लेकर रंगभेद के आरोप लगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठी। अब इस पूरे मामले पर पंजाब किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है।

क्या था पूरा विवाद?

यह मामला धर्मशाला में खेले गए पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले से पहले सामने आया था। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में अर्शदीप सिंह मजाकिया अंदाज में तिलक वर्मा को ‘अंधेरा’ कहते दिखाई दिए, जबकि उन्होंने नमन धीर को ‘असली नूर’ बताया। वीडियो वायरल होते ही इस पर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने इसे खिलाड़ियों के बीच मजाक माना, जबकि कई लोगों ने इसे नस्लीय टिप्पणी करार देते हुए कार्रवाई की मांग की।

प्रभसिमरन बोले- दोनों बहुत अच्छे दोस्त हैं

इनसाइडस्पोर्ट से बातचीत में प्रभसिमरन सिंह ने कहा कि अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा के बीच बेहद अच्छी दोस्ती है। उन्होंने कहा, “दोनों ने साथ में काफी क्रिकेट खेली है और वे एक-दूसरे के साथ कुछ भी मजाक कर सकते हैं। यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि कोई व्यक्ति किसी बात को किस तरह लेता है। लोगों को यह मामला उन्हीं पर छोड़ देना चाहिए।”

‘अर्शदीप पर विवाद का कोई असर नहीं पड़ा’

प्रभसिमरन ने बताया कि इस विवाद का अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन या मानसिक स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ा। उनके मुताबिक, अर्शदीप अच्छे और बुरे दोनों समय में खुद को एक जैसा रखते हैं। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी के निजी जीवन की घटनाओं के आधार पर उसके क्रिकेट प्रदर्शन का आकलन करना सही नहीं है।

मजाक और खुशी बांटने वाले इंसान हैं अर्शदीप

प्रभसिमरन ने अर्शदीप के स्वभाव की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद खुशमिजाज इंसान हैं और जहां भी जाते हैं, माहौल को हल्का और सकारात्मक बनाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि टीम के साथी के तौर पर उन्होंने हमेशा अर्शदीप को मजाक और खुशी बांटते हुए देखा है।

करीब एक दशक से साथ हैं दोनों खिलाड़ी

पंजाब किंग्स के साथ लंबे समय से जुड़े प्रभसिमरन सिंह का मानना है कि अर्शदीप सिंह की सबसे बड़ी ताकत परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता है। उनके अनुसार, यही गुण उन्हें एक बेहतर खिलाड़ी और इंसान बनाता है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *