#राज्य-शहर

अलवर पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में दीक्षांत परेड: प्रशिक्षु आरक्षियों ने दिखाया दमखम, मुख्य अतिथि ने दी बधाई

अलवर के ग्राम ठेकड़ा स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में मंगलवार को आरक्षी प्रशिक्षु बैच का दीक्षांत परेड समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव यादव रहे, जिन्होंने परेड की सलामी लेकर प्रशिक्षु जवानों के अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण स्तर का अवलोकन किया।

समारोह में जिले के विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रशिक्षण केंद्रों से जुड़े अधिकारी, पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त व सेवारत अधिकारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। दीक्षांत परेड के दौरान प्रशिक्षु जवानों ने आकर्षक मार्चपास्ट के साथ-साथ शानदार शारीरिक और सामरिक करतबों का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की कमांडेंट एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजलि अजीत जोरवाल ने कहा कि एक सक्षम और अनुशासित पुलिसकर्मी तैयार करने के लिए कठोर प्रशिक्षण प्रक्रिया अपनाई जाती है। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को शारीरिक दक्षता, अनुशासन, कानून-व्यवस्था, फील्ड ट्रेनिंग और व्यावहारिक पुलिस कार्यों का गहन अभ्यास कराया जाता है, जिससे वे भविष्य में अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

मुख्य अतिथि संजीव यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा बलों में उत्कृष्ट जवान तैयार करने के लिए सख्त प्रशिक्षण जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका परिणाम दीक्षांत परेड में स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षु जवानों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट शब्द प्रकाश पूनिया, सहायक कमांडेंट कैलाश चंद सैनी, राजेंद्र चौधरी, अभिषेक राठी सहित कई अधिकारी और अतिथि उपस्थित रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *