पानी की किल्लत और गंदे पानी से त्रस्त लोग जलदाय विभाग पहुंचे, एक्सईएन के कमरे में धरने पर बैठे
अलवर के राजेंद्र नगर स्कीम नंबर-4 में पानी की किल्लत और गंदे पानी की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। समस्या के समाधान की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग जलदाय विभाग पहुंचे, लेकिन वहां संबंधित अधिकारी नहीं मिलने पर नाराजगी और बढ़ गई।
अधिकारियों के अनुपस्थित रहने से आक्रोशित लोगों ने जलदाय विभाग के एक्सईएन संजय सिंह के कमरे में ही फर्श बिछाकर धरना शुरू कर दिया। कमरे में एक्सईएन की कुर्सी खाली पड़ी रही, जबकि लोग वहीं बैठकर नारेबाजी और प्रदर्शन करते रहे।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे कई बार पानी की कमी और गंदे पानी की शिकायत जलदाय विभाग में कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और गंभीर हो गई है, बावजूद इसके अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।
लोगों ने साफ कहा कि जब तक संबंधित अधिकारी मौके पर आकर उनकी समस्या का समाधान नहीं करते, तब तक वे एक्सईएन के कमरे में ही धरना जारी रखेंगे।