अलवर सांसद खेल उत्सव 2025-26 के चयनित 609 खिलाड़ियों का शुरू हुआ समर कैंप
बहरोड़ में समर कैंप 2026 का आगाज: 609 खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण, खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान
कोटपूतली-बहरोड़, 30 मई।
अलवर सांसद खेल उत्सव 2025-26 के तहत आयोजित “समर कैंप 2026” का भव्य शुभारंभ आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, बहरोड़ में हुआ। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राजस्थान सरकार में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा और ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन हार से सीख लेकर आगे बढ़ना ही असली सफलता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में खेल संस्कृति तेजी से विकसित हो रही है।
संजय शर्मा ने कहा कि सांसद खेल उत्सव क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ा मंच बनकर उभरा है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है। वहीं योगेश्वर दत्त ने इस कैंप को खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि यहां मिलने वाला प्रशिक्षण उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद करेगा।
इस वर्ष समर कैंप में 609 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले काफी अधिक है। खिलाड़ियों को 9 राज्यों से आए 33 अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा 14 विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के साथ संतुलित आहार, फिजियोथेरेपी और आधुनिक तकनीकों पर आधारित कोचिंग की भी व्यवस्था की गई है।
कैंप में केवल खेल ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, आत्मरक्षा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों को सैन्य अनुशासन से परिचित कराने के लिए सीआईएसएफ परिसर का भ्रमण भी कराया जाएगा।
सुरक्षा और सुविधाओं के लिहाज से कैंप में 24 घंटे निगरानी, सीसीटीवी व्यवस्था और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वही आरपीएस स्कूल के डायरेक्टर मनीष राव ने अतिथियों का सम्मान किया ।
अलवर सांसद खेल उत्सव ने पिछले वर्षों में तेजी से विस्तार किया है। प्रतिभागियों और खेल विधाओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से यह आयोजन अब जनभागीदारी का बड़ा मंच बन चुका है, जो युवाओं के सपनों को नई दिशा दे रहा है।