अलवर के बेरेबास में दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आकर पति-पत्नी की मौत, बच्चों के सामने टूटा परिवार
रामगढ़/अलवर।
रामगढ़ क्षेत्र के बगड़ तिराया थाना इलाके के बेरेबास गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों खेत पर काम कर रहे थे। घटना के वक्त उनके छोटे-छोटे बच्चे भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने अपने माता-पिता को तड़पते देखा और शोर मचाया।
जानकारी के अनुसार, बेरेबास निवासी महेन्द्र जाटव अपनी पत्नी रामेश्वरी और बच्चों के साथ खेत पर कार्य कर रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे रामेश्वरी खेत में लगी मोटर को बंद करने गईं। बारिश के कारण खेत में नमी होने से अचानक करंट फैल गया और वे उसकी चपेट में आ गईं।
पत्नी की चीख सुनकर महेन्द्र उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वे भी तेज करंट की चपेट में आ गए। यह भयावह दृश्य देखकर बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवाई और दोनों को रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रामेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में महेन्द्र को अलवर रेफर किया गया, लेकिन बहाला टैक्स के पास रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
सूचना पर बगड़ तिराया थाना से एएसआई रविंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को रामगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
मृतक के परिजन विनेश जाटव के अनुसार, दंपति मेहनत मजदूरी और खेती कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतकों के तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
एएसआई रविंद्र चौधरी ने बताया कि खेत पर काम के दौरान करंट लगने से यह हादसा हुआ है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।