अलवर में NSUI का प्रदर्शन: नीट पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका, NTA पर प्रतिबंध की मांग
अलवर में सोमवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर विरोध जताया और बाद में पुतला दहन किया।
नंगली सर्किल पर एकत्रित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को प्रतिबंधित करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कई छात्र मानसिक तनाव में आ रहे हैं और कुछ मामलों में आत्महत्या जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।
एनएसयूआई कार्यकर्ता हैदर अली ने कहा कि नीट और एनटीए में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ यह प्रदर्शन किया गया है। उनका कहना था कि केवल परीक्षा रद्द करना समाधान नहीं है, जब तक ऐसी एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, छात्रों का भरोसा बहाल नहीं हो पाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि चाहे किसी भी सरकार का कार्यकाल हो, जहां भी पेपर लीक हुए हैं, वहां जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव विनोद जाटव ने पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के कारण मानसिक दबाव में आकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए अपनी मांगों को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया।