बड़ौदामेव में पागल कुत्ते का आतंक: 22 लोगों को काटा, एक गंभीर घायल अलवर रेफर
बड़ौदामेव कस्बे में शनिवार को एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया और सुबह से शाम तक करीब 20 से 22 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद कस्बे में दहशत का माहौल बन गया। घायलों में से लगभग 15 लोग उपचार के लिए बड़ौदामेव के स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए, जबकि अन्य कुछ लोग सीधे अलवर अस्पताल चले गए।
जानकारी के अनुसार कुत्ते के काटने की घटनाएं सुबह करीब 9 बजे शुरू हुईं और शाम 4 बजे तक जारी रहीं। इसी दौरान कुत्ते ने कई लोगों को निशाना बनाया। पीड़ित यादराम (50) पुत्र मनीराम ने बताया कि वह सुबह कपड़ों की प्रेस कर रहे थे, तभी कुत्ते ने पीछे से उनके पैर पर हमला कर दिया।
घायलों में समायरा (6), कशिश (3), तैयब खान (47), ओमप्रकाश (32), तवेश (16), सोनू (27), आकाश (11), प्रियंका (8), मीनू (20), मदन चौधरी (25), आमिर (15), भावेश (5), लखबीर सिंह (60) सहित कई अन्य लोग शामिल हैं। चाहत (60) पुत्र हरफूल को गंभीर रूप से घायल होने पर अलवर रेफर किया गया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजवीर चौधरी ने बताया कि सुबह 9:30 बजे पहला मरीज अस्पताल पहुंचा, जिसके बाद शाम तक लगातार कुत्ते के काटने के मरीज आते रहे और अस्पताल में मरीजों की लाइन लग गई।
इसी दौरान एक अन्य घटना में मुरारीलाल सोनी (59) को बंदर ने काटकर घायल कर दिया, जिनका उपचार भी अस्पताल में किया गया।