गोविंदगढ़ में पशु चोरी की वारदात: एक ही रात में तीन गांवों से 10 बकरियां-बकरे पार, बोलेरो सवार चोर फरार
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ चोरों ने एक ही रात में तीन गांवों को निशाना बनाकर करीब 10 पशुओं की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत और ग्रामीणों में भारी रोष है।
गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बँधेड़ी, पथरोड़ा और सैमली दिलावर में बीती रात करीब 2 से 4 बजे के बीच चोरों ने सुनियोजित तरीके से पशु चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए चोरों ने घरों के बाहर और बाड़ों में बंधे बकरे-बकरियों को निशाना बनाया।
बँधेड़ी गांव में इलियास के घर के बाहर से 2 बकरियां, अब्दुल का 1 बकरा और बच्चू सिंह की 2 बकरियां चोरी हो गईं। वहीं पथरोड़ा गांव से मिश्रु जोगी के 2 बकरे और 1 बकरी चोरी कर ली गई। सैमली दिलावर में कमल सिंह के घर से भी चोर 2 बकरियां उठाकर ले गए।
घटना के दौरान बँधेड़ी निवासी इलियास की नींद तड़के करीब 3:30 बजे आहट से खुली। बाहर निकलने पर उन्होंने एक बोलेरो गाड़ी को तेज रफ्तार में जाते देखा। शक होने पर उन्होंने पीछा भी किया, लेकिन चोर वाहन को जालूकी की तरफ ले जाकर फरार हो गए।
इस वारदात के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पशु चोरी से प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गहरा सदमा भी लगा है, क्योंकि यही पशु उनके जीवनयापन का प्रमुख साधन थे।
मामले की सूचना मिलते ही पीड़ितों ने गोविंदगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस से जल्द कार्रवाई करते हुए चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए पशुओं की बरामदगी की मांग की गई है।