गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की हत्या के बाद युवक ने किया सुसाइड, 10 साल का बेटा बना गवाह
अलवर जिले के रहने वाले एक युवक द्वारा गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, करीब 11 साल पहले लव मैरिज करने वाले 30 वर्षीय दीपक कुमार ने सोमवार सुबह अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
दीपक मूल रूप से अलवर के सूर्य नगर खुदनपुरी का निवासी था और वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-9 में किराए के मकान में रह रहा था। उसकी 28 वर्षीय पत्नी सोनम बाई का पीहर अलवर के बगड़ तिराहा के पास स्थित जुगरावर गांव में है। दंपति का एक करीब 10 वर्षीय बेटा भी है।
घटना के समय बेटा दूसरे कमरे में खेल रहा था। जब वह कमरे में पहुंचा तो पिता को फंदे पर लटका देखा, जबकि मां भी बेहोश पड़ी थी। घबराया बच्चा तुरंत पड़ोसियों के पास भागा, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, दीपक गुरुग्राम में टैक्सी चलाता था, जबकि उसकी पत्नी एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते दीपक ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।