#देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में सड़कों पर स्टंट करने वालों पर ट्रैफिक पुलिस सख्त, थार व बुलेट सहित कई वाहन जब्त…

अलवर शहर में सड़कों पर स्टंट करते हुए दौड़ाई जा रही थार गाड़ियों के खिलाफ अब ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। बीते कुछ दिनों से शहर में युवाओं, जिनमें स्कूली छात्र भी शामिल हैं, द्वारा थार गाड़ियों से सड़कों पर खतरनाक स्टंट किए जा रहे थे। इन स्टंटों के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। अब तक पुलिस स्टंट करते हुए पाई गई करीब 8 से 10 थार गाड़ियों को जब्त कर चुकी है। इसके साथ ही मोडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट और पावर बाइकों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक पटाखे जैसी आवाज करने वाली 50 से अधिक बुलेट गाड़ियों को पुलिस द्वारा जब्त किया गया है।

ट्रैफिक थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि घोड़ा फेर चौराहे के पास दो थार गाड़ियों में सवार युवक स्टंट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों थार गाड़ियों को जब्त कर थाने ले जाया गया, साथ ही उनके चालान भी काटे गए।

उन्होंने बताया कि स्टंट करने वाली थार गाड़ियों के अलावा पावर बाइक और बुलेट के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। वहीं, आज से ट्रैफिक पुलिस ने कारों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ भी अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एक कार से ब्लैक फिल्म हटवाई गई। संजय शर्मा ने बताया कि काली फिल्म लगी होने से वाहन के अंदर बैठे व्यक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, जो सुरक्षा की दृष्टि से गलत है।

ट्रैफिक थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *