पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना को दी गई अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार…
अलवर। राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री और थानागाजी से दो बार विधायक रहे हेमसिंह भड़ाना को आज अलवर में नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।
अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और वन मंत्री संजय शर्मा मौके पर पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने पुष्पचक्र चढ़ाकर पूर्व मंत्री को नमन किया। इस दौरान वन मंत्री संजय शर्मा, विधायक डॉ. जसवंत यादव, विधायक सुखवंत सिंह, कांतिप्रसाद मीणा और पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना को पुलिस गार्ड की ओर से सलामी दी गई, जिससे माहौल भावुक हो गया। उनके पुत्र ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के समय मौजूद लोगों की आंखें नम रहीं।
हेमसिंह भड़ाना अलवर के एक स्वीकार्य और लोकप्रिय नेता माने जाते थे। वे दो बार थानागाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सरकार में मंत्री के रूप में भी सेवाएं दीं। उनके असमय निधन को जिले की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।