भारत-अमेरिका में रणनीतिक सहमति की तैयारी? जयशंकर 2 दिन के US दौरे पर
भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक सहयोग को लेकर एक अहम संकेत सामने आया है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 2 से 4 फरवरी तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे क्रिटिकल मिनरल्स पर होने वाली उच्चस्तरीय मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुलाया है।
क्रिटिकल मिनरल्स पर होगी बड़ी मंत्रिस्तरीय बैठक
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह बैठक क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई चेन को मजबूत करने, क्लीन एनर्जी को बढ़ावा देने और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगी। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।
अमेरिकी प्रशासन के शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात
अपने इस दौरे के दौरान डॉ. एस. जयशंकर अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में भारत-अमेरिका संबंधों, वैश्विक सुरक्षा और आर्थिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
क्या होते हैं क्रिटिकल मिनरल्स?
क्रिटिकल मिनरल्स वे खनिज होते हैं जो किसी देश की आर्थिक प्रगति, आधुनिक तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक होते हैं। इनकी आपूर्ति बाधित होने पर इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा, बैटरी और क्लीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों पर सीधा असर पड़ता है।
भारत ने 30 क्रिटिकल मिनरल्स की सूची की जारी
भारत सरकार ने जुलाई 2023 में 30 क्रिटिकल मिनरल्स की आधिकारिक सूची जारी की थी। इनमें लिथियम, कोबाल्ट, निकल, कॉपर, ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, टंगस्टन, टाइटेनियम, जिरकोनियम, सिलिकॉन और गैलियम जैसे अहम खनिज शामिल हैं।
रेयर अर्थ और क्रिटिकल मिनरल्स में फर्क समझना जरूरी
अक्सर लोग क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ को एक ही मान लेते हैं, जबकि दोनों अलग हैं। रेयर अर्थ 17 विशिष्ट तत्वों का समूह है, जबकि क्रिटिकल मिनरल्स एक व्यापक श्रेणी है, जिसमें रेयर अर्थ के अलावा लिथियम, कोबाल्ट और तांबा जैसे अन्य रणनीतिक खनिज भी शामिल होते हैं।
भारत-अमेरिका साझेदारी को मिल सकती है नई दिशा
जयशंकर का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया सप्लाई चेन, ऊर्जा सुरक्षा और चीन पर निर्भरता कम करने की कोशिश में जुटी है। क्रिटिकल मिनरल्स पर सहयोग भारत-अमेरिका संबंधों को नई रणनीतिक ऊंचाई दे सकता है और भविष्य की क्लीन एनर्जी इकॉनमी में भारत की भूमिका मजबूत कर सकता है।