#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर #सोशल

पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने किया रक्तवीरों का उत्साहवर्धन

अलवर, 1 फरवरी

वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शनिवार को संयुक्त व्यापार महासंघ द्वारा पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव के 81वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में सहभागिता कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर शर्मा ने पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राजनीतिक सुचिता के प्रतीक हैं। उन्होंने न केवल एक ख्यातिनाम चिकित्सक के रूप में समाज की सेवा की, बल्कि राजनीति के माध्यम से भी प्रत्येक वर्ग के कल्याण हेतु कार्य किया। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव आज भी चिकित्सक के रूप में निरंतर जनसेवा कर रहे हैं।

वन राज्यमंत्री ने कहा कि 81वें जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन कर संयुक्त व्यापार महासंघ ने एक अनुकरणीय पहल की है। उन्होंने रक्तदाताओं को ‘रक्तवीर’ बताते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जो आवश्यकता पड़ने पर किसी को जीवनदान देता है।

शर्मा ने युवाओं की बढ़ती सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्य विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मानवता की सेवा की भावना से आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज के लिए प्रेरणास्रोत है, जिससे युवा पीढ़ी में जीवमात्र की सेवा का भाव सुदृढ़ होगा।

इस अवसर पर संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष हरमीत सिंह मेहंदीरत्ता, निकुंज सांघी सहित महासंघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *