केंद्र का बजट दिशाहीन, न विजन न राहत: टीकाराम जूली का मोदी सरकार पर तीखा हमला
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए टीकाराम जूली ने कहा कि आम जनता को टैक्स के मोर्चे पर किसी तरह की कोई राहत नहीं दी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार विकास की बात तो करती है, लेकिन बजट में उसका कोई ठोस रोडमैप दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि राजस्थान से बड़ी संख्या में सांसद होने के बावजूद राज्य के लिए कोई विशेष योजना घोषित नहीं की गई। ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं दिया गया और न ही राजस्थान को विशेष राज्य का दर्जा मिला।
नेता प्रतिपक्ष ने युवाओं के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि बजट युवाओं के साथ कुठाराघात है। इसमें रोजगार को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं है। उन्होंने कहा कि एआई के दौर में युवाओं की नौकरियां लगातार खतरे में हैं, लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
टीकाराम जूली ने किसानों की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसानों को लेकर सरकार सिर्फ गुमराह कर रही है। न उन्हें समय पर बीज मिल रहा है, न बिजली, न खाद और न ही पर्याप्त पानी। उन्होंने सवाल किया कि इतनी कम किसान सम्मान निधि से किसानों का क्या भला हो सकता है।
अलवर जिले से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए जूली ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में सैनिक स्कूल की घोषणा की गई थी, लेकिन उसे अब तक अटका कर रखा गया है। उन्होंने कहा कि अलवर में आज भी न तो एयरपोर्ट है और न ही रैपिड ट्रेन का सपना पूरा हुआ है। जूली ने बताया कि भंवर जितेंद्र सिंह द्वारा रैपिड ट्रेन की घोषणा की गई थी, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने कहा कि इस बजट से एनसीआर क्षेत्र को भी कोई लाभ नहीं मिला है।