#देश दुनिया #राज्य-शहर

कोरोना काल के बाद लौटी राहत की ट्रेन: बांदीकुई–बरेली पैसेंजर फिर पटरी पर, खेड़ली में हुआ भव्य स्वागत…

कोरोना काल से बंद पड़ी बांदीकुई–बरेली पैसेंजर ट्रेन का पुनः संचालन शुरू हो जाने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। ट्रेन के फिर से चलने पर लोगों ने रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

गौरतलब है कि बांदीकुई से आगरा रेल मार्ग पर वर्तमान में केवल एक ही पैसेंजर ट्रेन संचालित हो रही थी। बांदीकुई–बरेली पैसेंजर ट्रेन के कोरोना काल से बंद होने के कारण छोटे स्टेशनों के यात्रियों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

अब इस पैसेंजर ट्रेन के पुनः संचालन से लोगों को बड़ी राहत मिली है। ट्रेन के आज खेड़ली रेलवे स्टेशन पहुंचने पर स्थानीय एनसीआर रेल यात्री समिति और नगरपालिका खेड़ली के चेयरमैन संजय गीजगढिया के नेतृत्व में रेलवे कर्मचारियों का स्वागत किया गया। इस दौरान लोको पायलट और गार्ड को माला व साफा पहनाकर मिठाई खिलाई गई।

एनसीआर रेल यात्री समिति के अध्यक्ष लखमीचंद कंसल ने बताया कि यह ट्रेन प्रतिदिन बरेली से चलकर सुबह 8:17 बजे खेड़ली स्टेशन पहुंचेगी, जबकि वापसी में बांदीकुई से चलकर दोपहर 3:19 बजे खेड़ली स्टेशन पहुंचेगी।

नगरपालिका चेयरमैन संजय गीजगढिया ने कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के छात्रों, कर्मचारियों और आम यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी है और इसके पुनः संचालन से क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक विकास भी होगा।

स्थानीय छात्रों और यात्रियों ने भी ट्रेन शुरू होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें पढ़ाई और रोज़गार के लिए आवागमन में आसानी होगी।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *