#Uncategorized

अलवर देवखेड़ा में प्लॉट विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों की मारपीट में 8–10 घायल…

अलवर के देवखेड़ा क्षेत्र में शनिवार को प्लॉट को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। यह घटना अरावली विहार थाना क्षेत्र की है, जहां दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और सरियों से मारपीट हुई। इस संघर्ष में 8 से 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित हारुन खान ने बताया कि देवखेड़ा स्थित उनका एक प्लॉट है। आरोप है कि मुगसका निवासी मूवीन, सुबीन, मुबारक, समसू, शमशेर, साहिल, पप्पा, कासिम सहित अन्य लोग शनिवार सुबह करीब 11 बजे हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और जबरन प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक मारपीट में बदल गई।

झड़प में संवेदन मौजा निवासी शहजादा, गुलबुद्दीन सहित अन्य लोग घायल हो गए। घायलों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सभी का जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची, हालात को काबू में लिया और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। थाना पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की लिखित रिपोर्ट मिलते ही नामजद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *