#देश दुनिया #राज्य-शहर

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने पिनान सीएचसी, स्वीकृत ट्रोमा सेंटर व बगड राजपूत में नरेगा व चारागाह विकास कार्यों का किया निरीक्षण

अलवर, 14 जनवरी

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को पिनान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), स्वीकृत ट्रोमा सेंटर तथा बगड राजपूत में नरेगा एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई) के अंतर्गत कराए जा रहे चारागाह विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पिनान सीएचसी परिसर में ही डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत ट्रोमा सेंटर की भूमि का अवलोकन किया। निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएचसी प्रभारी को निर्देश दिए कि ट्रोमा सेंटर का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कर शीघ्रता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रोमा सेंटर के शुरू होने से एक्सप्रेस-वे पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

इसके पश्चात उन्होंने सीएचसी के लेबर रूम, ओपीडी, एक्स-रे लैब सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना के तहत अधिक से अधिक पैकेज बुक करने के निर्देश दिए, ताकि सीएचसी की आय में वृद्धि हो सके। साथ ही चिकित्सालय परिसर एवं शौचालयों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर दवा, इलाज एवं सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया, जिस पर मरीजों ने संतोष व्यक्त किया।

चारागाह विकास व नरेगा कार्यों का निरीक्षण

जिला कलक्टर ने बगड राजपूत में पीएमकेएसवाई योजना के तहत कराए जा रहे चारागाह विकास कार्यों तथा नरेगा कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग के निर्देश दिए। वाटरशेड विभाग द्वारा पीएमकेएसवाई 2.0 के अंतर्गत 32 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से किए जा रहे कार्यों का अवलोकन करते हुए उन्होंने चारागाह में नर्सरी विकास, चौकीदार हट पर पेंटिंग कार्य पुनः कराने तथा सोलर पंप से जल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास अधिकारी को वाटरशेड विभाग से समन्वय कर चारागाह में निर्मित तालाब में मछली पालन प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए।

नरेगा योजना के अंतर्गत बगड राजपूत से गूंगडोद तक कराए जा रहे नाला खुदाई कार्य का निरीक्षण कर जिला कलक्टर ने कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष भूमि पर पौधारोपण एवं चारागाह विकास कार्य कराने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक उद्यान विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त पौधों का पुनः पौधारोपण कराने, शेष भूमि पर मियावाकी पद्धति से पौधारोपण, पाथवे एवं हरियाली विकसित कर उद्यान को बेहतर रूप देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, उपखण्ड अधिकारी रैणी हरकेश मीणा, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड नरेन्द्र सिंह मौथू, अधिशासी अभियंता मनरेगा नरेन्द्र कुमार लाखीवाल, तहसीलदार कैलाश चंद मेहरा, अधिशासी अभियंता वाटरशेड प्रहलाद मीणा, विकास अधिकारी रामगढ़ विजय कुमार भाल, सीएचसी प्रभारी डॉ. संजय द्विवेदी, डॉ. मनोज मीणा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *