#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

रामगढ़ में एसआईआर आपत्ति अभियान पर विवाद, कांग्रेस नेता आर्यन जुबेर ने एसडीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग

रामगढ़/अलवर

राजस्थान में चल रहे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के अंतिम चरण में रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आपत्तियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक महीने से चल रहे इस अभियान के अंतिम समय में अचानक 1397 मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज किए जाने से ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जानबूझकर झूठी आपत्तियां लगाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है और उनके वोट कटवाने की कोशिश हो रही है। सबसे ज्यादा मामला पिपरोली गांव से सामने आया है, जहां एक ही समुदाय के करीब 130 मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां दर्ज कराई गईं। जब बीएलओ आपत्ति की सूचना लेकर गांव पहुंचे तो ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि उनके नाम से आपत्ति किसने और किस आधार पर दर्ज कराई।

बीएलओ से जानकारी मिलने के बाद पिपरोली और आसपास के गांवों के कई मतदाता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और आपत्तियों को गलत बताते हुए जांच की मांग की। इसी मामले को लेकर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक स्वर्गीय जुबेर खान के पुत्र एवं कांग्रेस नेता आर्यन जुबेर बुधवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रामगढ़ एसडीएम कार्यालय पहुंचे।

आर्यन जुबेर ने एसडीएम बाबूलाल वर्मा से मुलाकात कर कहा कि अंतिम समय में फर्जी आपत्तियां लगाकर ग्रामीणों को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और जिन मतदाताओं पर आपत्ति दर्ज की गई है, उनकी निष्पक्ष व पारदर्शी जांच हो।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य में किसी भी आपत्ति को दर्ज करने से पहले संबंधित व्यक्ति के आधार कार्ड और जरूरी दस्तावेज लेना अनिवार्य किया जाए, ताकि फर्जी आपत्तियों पर रोक लग सके।

एसडीएम बाबूलाल वर्मा ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि एसआईआर के तहत आपत्ति मामलों की पूरी निष्पक्षता से जांच की जाएगी और बिना पुख्ता कारण किसी भी मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा। उन्होंने बताया कि बीएलओ की टीमें घर-घर जाकर जांच करेंगी।

इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बबली पंडित, कमलचंद जाटव, मांगेराम मास्टर, अनिल जैन, भुवनेश साहु, फखरुद्दीन, अनिल खंडेलवाल सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *