भिवाड़ी में गो-तस्करी का प्रयास नाकाम, ग्रामीणों ने एक तस्कर को पकड़ा, तीन सांड सुरक्षित
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी क्षेत्र में गो-तस्करी का एक और मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात खुशखेड़ा थाना क्षेत्र के ततारपुर गांव में ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए गो-तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। तस्कर तीन सांडों को पैदल गोकशी के लिए ले जा रहे थे, तभी ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तस्करों को घेर लिया। इस दौरान एक तस्कर को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि 2-3 अन्य तस्कर अंधेरे और ठंड का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए तस्कर ने भी भागने की कोशिश की, लेकिन झाड़ियों में गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसकी चमड़ी कई जगह से फट गई तथा हाथ-पैरों में फ्रैक्चर हो गया।
ग्रामीणों ने तुरंत खुशखेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल तस्कर को पहले टपूकड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर बुधवार सुबह उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
खुशखेड़ा थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मौके से एक घायल गो-तस्कर मिला, जिसकी पहचान उबाराका निवासी साहुन के रूप में हुई है। फरार अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल से बरामद तीनों सांडों को सुरक्षित रूप से गौशाला में पहुंचा दिया गया है।