सेवा की सफलता संतुष्टि में निहित: अशोका फाउंडेशन का सातवां निशक्तजन कृत्रिम अंग वितरण शिविर प्रारंभ…
अशोका फाउंडेशन की ओर से शनिवार को बस स्टैंड स्थित जैन नसिया जी में लगातार सातवें वर्ष निशक्तजन कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल, भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. धीरज जैन, सीनियर आरएएस अधिकारी जितेंद्र सिंह नरूका, हरिओम मीणा एवं डॉ. के. के. गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन अवसर पर प्रांत प्रचारक बाबूलाल ने कहा कि सेवा का वास्तविक सम्मान लाभार्थियों से मिलता है। लाभार्थियों की बड़ी उपस्थिति यह दर्शाती है कि समाज में इस प्रकार की सेवाओं की कितनी अधिक आवश्यकता है। अशोका फाउंडेशन के शिविर में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि सेवा एक विश्वसनीय संस्था द्वारा की जा रही है।
भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. धीरज जैन ने कहा कि किसी भी सेवा कार्य की वास्तविक सफलता लाभार्थियों की संतुष्टि में ही निहित होती है। इस शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलेगा और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
सीनियर आरएएस अधिकारी जितेंद्र सिंह नरूका ने कहा कि सेवा करना और निरंतर सेवा करना—इन दोनों में बड़ा अंतर है। जो संस्था निरंतर सेवा करती है, वही सच्चे अर्थों में मानवता की सेवक होती है। अशोका फाउंडेशन इस दिशा में निरंतर और सराहनीय कार्य कर रहा है।
फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. सोनिया धीरज जैन ने बताया कि शिविर के पहले दिन 510 लाभार्थियों का पंजीयन किया गया। इनमें से 125 लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल, 55 को व्हीलचेयर, 14 को कैलिपर, 38 को जयपुर फुट, 64 को बैसाखी, 8 को विजुअल स्टिक तथा 6 लाभार्थियों को वॉकर वितरित किए गए। शिविर रविवार को भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर अनुराग जैन, प्रमोद शर्मा, संजय, विमल जैन, पिंकी जैन एवं केसरी जैन का विशेष सहयोग रहा।