केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अलवर में विकास कार्यों की समीक्षा की, टाइगर मैराथन और डेयरी अपग्रेडेशन पर दी बड़ी जानकारी
अलवर।
अलवर। केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को अलवर पहुंचे। उन्होंने प्रताप बंध स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में भ्रमण किया, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित पार्टी पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर यादव ने अलवरवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए जिले में जारी विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट साझा की।
यादव ने बताया कि अगले माह डेयरी अपग्रेडेशन के लिए स्वीकृत साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये की परियोजना का भूमि पूजन किया जाएगा। साथ ही गौरी देवी महिला महाविद्यालय में बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य को भी जल्द प्रारंभ करने की बात कही।
आगामी 8 फरवरी को होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग लेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, “सेव टाइगर” अभियान को बढ़ावा देना और अलवर को पर्यटन के क्षेत्र में और आगे ले जाना है।
इस दौरान सीसीएफ संग्राम सिंह, निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका सहित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।