सीवरेज जाम से रास्ता बंद, शव ले जाने में हुई परेशानी: भिवाड़ी वार्ड 47 में युवक की मौत के बाद खुली लापरवाही
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 47 में लंबे समय से चल रही सीवरेज समस्या एक बड़ी त्रासदी के बाद सुर्खियों में आ गई। गांव के युवक शिवम की आकस्मिक मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट तक शव ले जाना मुश्किल पड़ गया, क्योंकि मुख्य मार्ग पर जगह-जगह सीवरेज लाइन चोक होने से गंदा पानी और कीचड़ जमा था। मार्ग पूरी तरह बाधित हो चुका था और कोई वैकल्पिक रास्ता भी उपलब्ध नहीं था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई महीनों से शिकायतें करने के बावजूद नगर परिषद की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों ने समस्या को नजरअंदाज़ किया, जिसके कारण हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते गए। घटना के बाद हड़कंप मचने पर प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन नगर परिषद आयुक्त के अवकाश पर होने से तुरंत राहत नहीं मिल सकी। मामला चर्चाओं में आने के बाद ही सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजकर पानी निकलवाया गया। रास्ता आंशिक रूप से साफ होने के बाद अंतिम संस्कार किया जा सका, हालांकि मार्ग की स्थिति अब भी दयनीय बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बदबूदार पानी और गंदगी से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर इस गंदगी का “अंतिम संस्कार” कब होगा और स्थायी समाधान कब मिलेगा।