#राज्य-शहर #सोशल

अलवर में पेयजल संकट पर बवाल: महिलाओं का प्रदर्शन, बाद में छोड़ा गया पानी

अलवर के वार्ड 12 में गहराते पेयजल संकट को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं और स्थानीय लोगों ने सप्लाई प्वाइंट पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन को पानी की सप्लाई शुरू करनी पड़ी।

पानी की किल्लत पर सड़कों पर उतरे लोग

वार्ड नंबर 12 के होली ऊपर, कुम्हार पाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में लादिया फील्ड सप्लाई प्वाइंट पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने बताया कि कई दिनों तक पानी नहीं आने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है और उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

पुलिस और महिलाओं के बीच तीखी बहस

प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची राजस्थान पुलिस और लोगों के बीच तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि महेश तिवाड़ी और एक महिला के बीच कहासुनी हुई, जिससे माहौल और गर्म हो गया। महिलाएं अपनी मांगों को लेकर अड़ी रहीं और प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग करती नजर आईं।

जलदाय विभाग का घेराव, नियमित सप्लाई की मांग

इससे पहले जलदाय विभाग के अधिकारियों को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। भीड़ ने अधिकारियों का घेराव कर नियमित पानी सप्लाई की मांग की। स्थानीय निवासी गौरव शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र में 4-5 दिन में एक बार ही पानी आता है और वह भी पर्याप्त नहीं होता।

वार्ड 12 और 18 में ज्यादा संकट

स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड 12 और वार्ड 18 में पानी की समस्या सबसे ज्यादा है, जबकि वार्ड 19 में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई जा रही है। पहले जहां हर दो दिन में पानी मिल जाता था, अब 3 से 5 दिन में भी सप्लाई नहीं हो पा रही है।

प्रदर्शन के बाद शुरू हुई पानी की सप्लाई

लगातार विरोध के बाद प्रशासन हरकत में आया और जलदाय विभाग ने वार्ड 12 के कुछ हिस्सों में पानी की सप्लाई शुरू करवाई। महेश तिवाड़ी ने बताया कि समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और प्रभावित क्षेत्रों में पानी छोड़ दिया गया। साथ ही अधिकारियों ने भविष्य में नियमित सप्लाई का आश्वासन दिया है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *