#क्राइम #राज्य-शहर

NH-48 पर दर्दनाक हादसा: आरोपी को ले जा रहे 2 पुलिसकर्मियों समेत 3 की मौत

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर दिया। जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से रेलवे पुलिस के दो जवानों और एक आरोपी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों पुलिसकर्मी बाइक चोरी के आरोपी को लेकर भीलवाड़ा जा रहे थे। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

आरोपी को बाइक पर ले जा रहे थे पुलिसकर्मी

जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने की भीलवाड़ा चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल लेखराज बागड़ी और कांस्टेबल रविंद्र कुमार जाट बाइक चोरी के आरोपी छोटू भील को लेकर मांडल से भीलवाड़ा जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सरकारी वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण आरोपी को बाइक पर ही ले जाया जा रहा था। तड़के करीब पांच बजे जब उनकी बाइक मांडल चौराहे के ओवरब्रिज पर पहुंची, तभी पीछे से तेज गति में आए ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौत, अस्पताल में टूटी आरोपी की सांसें

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत मांडल उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हेड कांस्टेबल लेखराज बागड़ी और कांस्टेबल रविंद्र जाट को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आरोपी छोटू भील को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम

दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-48 पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक बाधित रहा। सूचना मिलने पर प्रशिक्षु आईपीएस आयुष कुमार क्षोत्रिय और मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारु कराया। मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पूरे पुलिस विभाग में इस हादसे के बाद गहरा शोक व्याप्त है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *