अलवर में दर्दनाक हादसा: प्राइवेट बैंक मैनेजर के पिता ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
अलवर। शहर के दाऊदपुर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने भुज-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने लेट गया। घटना इतनी अचानक हुई कि ट्रेन चालक को संभलने का मौका नहीं मिला, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बाद में मृतक की पहचान ओमप्रकाश शर्मा पुत्र रामनिवास निवासी ओमकार कॉलोनी, एनईबी के रूप में हुई। वे ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में परचून की दुकान चलाते थे। उनके दो बेटे हैं—एक अलवर में निजी बैंक में मैनेजर है, जबकि दूसरा दिल्ली में एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सब इंस्पेक्टर कृपाल लाल मीणा के अनुसार, घटना बेहद अचानक हुई, जिससे ट्रेन को रोका नहीं जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की गहन जांच कर रही है।
: कृपाल लाल मीणा, सब इंस्पेक्टर, आरपीएफ