जनगणना ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक की हादसे में मौत, ट्रेन देखकर घबराए, गिरने से लगी घातक चोट
अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित ऊंटवाल गांव में एक दर्दनाक हादसे में थर्ड ग्रेड शिक्षक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ऊंटवाल निवासी 57 वर्षीय मुंशीराम मेघवाल गुरुवार सुबह जनगणना कार्य के सिलसिले में पैदल पास के गांव जा रहे थे।
इसी दौरान अलवर रेलवे लाइन के पास अचानक ट्रेन आने से वे घबरा गए और संतुलन खो बैठे। संतुलन बिगड़ने के कारण वे रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े पत्थरों पर गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर होने के चलते लगातार इलाज किया, लेकिन शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मुंशीराम मेघवाल नौगांव क्षेत्र के रब्बाका गांव स्थित राजकीय विद्यालय में थर्ड ग्रेड शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके तीन पुत्र हैं, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई। सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।