श्रीडूंगरगढ़ में सो रही मां की लाठी से हत्या का आरोप, बेटे को पुलिस ने किया डिटेन
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के बाना गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 70 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके ही बेटे ने लाठी से हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाठी जब्त कर आरोपी को डिटेन कर लिया है। मामले की जांच हत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
सुबह चीख सुनकर पहुंचे परिजन, खून से लथपथ मिली वृद्धा
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 70 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों की रिपोर्ट में बताया गया कि शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद अपने-अपने स्थान पर सो गए थे। गीता देवी घर के आंगन (बाखल) में चारपाई पर सो रही थीं। तड़के करीब चार बजे आरोपी की पत्नी के चीखने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। वहां वृद्धा के सिर से खून बह रहा था और आरोपी उन्हें चारपाई पर घसीटता दिखाई दिया। परिजनों के पहुंचते ही वह वहां से हट गया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पत्नी को जगाकर कहा- ‘मां मर गई’, फिर मचा हड़कंप
परिजनों के अनुसार आरोपी की पत्नी देर रात तक जाग रही थी और उसके सोने के बाद घटना हुई। आरोप है कि आरोपी ने सो रही मां पर लाठी से कई वार किए, जिससे उन्हें संभलने या बचने का अवसर नहीं मिला। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को जगाकर कहा कि “मां मर गई”। पत्नी के शोर मचाने पर परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मानसिक बीमारी के पहलू की भी जांच कर रही पुलिस
मृतका के बड़े बेटे ओमप्रकाश स्वामी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पिछले चार-पांच वर्षों से मानसिक बीमारी का उपचार करा रहा था और उसकी मानसिक स्थिति के कारण घर में अक्सर विवाद होते थे। पुलिस अब आरोपी के इलाज और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है ताकि घटना के सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके। साथ ही एफएसएल टीम की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक निकेत पारीक और थानाधिकारी कश्यप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लाठी को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें –राजस्थान: बीजेपी विधायक से आई-कार्ड मांगने पर टोल प्लाजा में विवाद, टोलकर्मी गिरफ्तार