#देश दुनिया #राज्य-शहर #सोशल

बदलते मौसम में सरिस्का के वाटर पॉइंट पर दिखा बाघिन ST-19 का शावक, कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ दृश्य…

अलवर में बदलते मौसम और बढ़ते तापमान का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ नजर आने लगा है। पानी की तलाश में जानवर प्राकृतिक जलस्रोतों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी क्रम में सरिस्का टाइगर रिजर्व के बफर जोन स्थित बारा लिवारी लीलुंडा क्षेत्र में बाघिन एसटी-19 का एक शावक वाटर पॉइंट पर पानी में बैठा हुआ दिखाई दिया।

इस दुर्लभ और मनमोहक दृश्य को वन्यजीव प्रेमी देवेंद्र तातेड़ ने अपने कैमरे में कैद किया। उनके साथ लखनऊ से आए डॉ. नावेद, डॉ. जहरान, नेचर गाइड आकाश पारीक और ड्राइवर राजू भी मौजूद थे। पत्थरों की चट्टानों के बीच पानी में बैठे शावक की तस्वीरें सरिस्का में बाघों के बढ़ते कुनबे और वन्यजीवों की सक्रियता का प्रमाण पेश करती हैं।

गौरतलब है कि सरिस्का टाइगर रिजर्व के अलवर बफर जोन में फिलहाल कुल 11 बाघ मौजूद हैं। इनमें बाघिन एसटी-19 के चार शावक शामिल हैं। इसके अलावा अंधेरी के जंगल क्षेत्र में बाघिन एसटी-2302 अपने दो शावकों के साथ सक्रिय रूप से विचरण कर रही है। कुछ दिन पहले बाघिन एसटी-2302 को अपने दोनों शावकों के साथ जंगल में बैठे हुए भी देखा गया था, जिसे देखकर पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *