राजस्थान निकाय चुनाव में BJP-कांग्रेस का युवा दांव, Gen Z के 70 उम्मीदवार मैदान में
राजस्थान के पांच बड़े शहरों के नगर निगम चुनाव में BJP और कांग्रेस ने युवा चेहरों पर बड़ा भरोसा जताया है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा के 510 वार्डों में दोनों दलों ने अब तक 21 से 29 वर्ष की उम्र के 70 Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें कांग्रेस के 49 और BJP के 21 उम्मीदवार शामिल हैं।
पांच शहरों में 70 युवा उम्मीदवारों को टिकट
उपलब्ध उम्मीदवार सूचियों के अनुसार, दोनों प्रमुख दलों ने नगर निगम चुनाव में युवा पीढ़ी को राजनीति में आगे लाने की कोशिश की है। पांच शहरों में BJP और कांग्रेस द्वारा घोषित कुल उम्मीदवारों में Gen Z उम्मीदवारों की हिस्सेदारी करीब 13.72 प्रतिशत है। इनमें कांग्रेस की संख्या BJP से काफी ज्यादा है। कांग्रेस ने 49 युवा उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जबकि BJP ने 21 Gen Z उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है।
जयपुर में कांग्रेस ने BJP से ज्यादा युवा उतारे
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में कांग्रेस ने BJP के मुकाबले दोगुने Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। BJP की ओर से 21 से 29 वर्ष की उम्र वाले छह उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें वार्ड 10 से 21 वर्षीय पलक यादव, वार्ड 119 से 22 वर्षीय यश राणावत, वार्ड 150 से 23 वर्षीय शालू मीणा, वार्ड 143 से 29 वर्षीय निधि जैन, वार्ड 115 से 29 वर्षीय सूरज गोदीवाल और वार्ड 63 से 29 वर्षीय अजय टेपन शामिल हैं।
कांग्रेस ने जयपुर में 12 युवा उम्मीदवार उतारे
कांग्रेस की जयपुर सूची में 12 Gen Z उम्मीदवार शामिल हैं। पार्टी की ओर से सबसे कम उम्र के उम्मीदवार वार्ड 71 से 21 वर्षीय फैज़ हसन हैं। इस तरह जयपुर में दोनों दलों ने युवा और अनुभवी चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी मुकाबले में इन युवा चेहरों की भूमिका पर भी नजर रहेगी।
अनुभवी उम्मीदवारों को भी मिला मौका
युवा उम्मीदवारों के साथ दोनों दलों ने वरिष्ठ नेताओं पर भी भरोसा कायम रखा है। BJP ने जयपुर में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 10 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें वार्ड 1 से 66 वर्षीय श्रवण बोहरा सबसे उम्रदराज उम्मीदवार बताए गए हैं। वहीं कांग्रेस की सूची में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 13 उम्मीदवार शामिल हैं। कांग्रेस के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार वार्ड 115 से 67 वर्षीय सुरेश बिवाल हैं।
जोधपुर में 17 Gen Z उम्मीदवार चुनावी मैदान में
जोधपुर में BJP और कांग्रेस ने मिलकर 17 युवा उम्मीदवारों को टिकट दिया है। कांग्रेस ने यहां 10 और BJP ने सात Gen Z उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस की सबसे युवा उम्मीदवार वार्ड 51 से 21 वर्षीय सरस्वती हैं। उन्होंने 2025 में ग्रेजुएशन पूरा किया है और आगे की पढ़ाई कर रही हैं। BJP ने वार्ड 24 से 24 वर्षीय भाग्यश्री आचार्य को उम्मीदवार बनाया है, जो MA की पढ़ाई कर रही हैं और अपना पहला चुनाव लड़ रही हैं।
उदयपुर में भी युवा चेहरों पर भरोसा
उदयपुर नगर निगम चुनाव में दोनों पार्टियों ने कुल आठ Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें कांग्रेस के छह और BJP के दो उम्मीदवार शामिल हैं। BJP की ओर से वार्ड 38 से 26 वर्षीय प्रज्ञा पाटीदार चुनाव मैदान में हैं। प्रज्ञा इंटीरियर डिजाइनिंग के पेशे से जुड़ी हैं और सामाजिक एवं वॉलंटियर गतिविधियों में भी भाग लेती रही हैं। उदयपुर की सूची में स्टूडेंट, वॉलंटियर और युवा प्रोफेशनल जैसे अलग-अलग बैकग्राउंड वाले चेहरे दिखाई दे रहे हैं।
अजमेर और कोटा में भी युवा उम्मीदवारों की बड़ी संख्या
अजमेर में BJP ने चार और कांग्रेस ने पांच Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इस तरह यहां दोनों दलों के कुल नौ युवा उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं कोटा युवा उम्मीदवारों के प्रतिनिधित्व के मामले में सबसे आगे नजर आ रहा है। यहां BJP ने दो जबकि कांग्रेस ने 16 Gen Z उम्मीदवारों को टिकट दिया है। दोनों दलों को मिलाकर कोटा में 18 युवा उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
निकाय चुनाव से राजनीति में नई पीढ़ी की एंट्री
उम्मीदवारों की अब तक जारी सूचियां संकेत देती हैं कि BJP और कांग्रेस दोनों ही नगर निगम की राजनीति में नई पीढ़ी को जगह देने की कोशिश कर रही हैं। 21 से 29 वर्ष के उम्मीदवारों को टिकट मिलने से युवा वर्ग की राजनीतिक भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, ये आंकड़े अब तक घोषित उम्मीदवार सूचियों पर आधारित हैं। आगे यदि किसी पार्टी की ओर से अतिरिक्त या संशोधित सूची जारी होती है तो Gen Z उम्मीदवारों की संख्या में बदलाव संभव है।