झोलाछाप इलाज बना जानलेवा! 27 वर्षीय रीना देवी की संदिग्ध मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
अलवर में अरावली विहार थाना क्षेत्र के गांव सालपुर में 27 वर्षीय रीना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टरों से कराए गए इलाज के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई, जिससे अंततः उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, सालपुर निवासी मंगल सिंह शनिवार शाम अपनी पत्नी रीना देवी को कमजोरी की शिकायत होने पर मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के केरवा जाट स्थित एक मेडिकल स्टोर पर उपचार के लिए लेकर गया। वहां रीना को ग्लूकोज चढ़ाया गया और कुछ समय बाद उसे घर भेज दिया गया।
रात में बिगड़ी तबीयत:
रविवार तड़के करीब 3 बजे रीना की हालत अचानक गंभीर हो गई। इसके बाद परिजन उसे गांव के ही एक अन्य मेडिकल स्टोर पर ले गए, जहां उसे एक टैबलेट देने के बाद तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई।
अस्पताल में हुई मौत:
परिजन रीना को तुरंत अलवर के सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:
मृतका का पति मंगल सिंह बेलदारी का कार्य करता है। रीना अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जांच में जुटी पुलिस:
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।