हाईवे पर पलटी प्याज से भरी पिकअप, टायर फटने से हुआ हादसा
जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर बहरोड़ क्षेत्र में रविवार देर रात प्याज से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर प्याज बिखर जाने से यातायात प्रभावित हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
फ्लाईओवर पर पलटी पिकअप
जानकारी के अनुसार बहरोड़ क्षेत्र के कांकर दोपा फ्लाईओवर के ऊपर प्याज से भरी एक पिकअप नीमराना की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिकअप का कंडक्टर साइड का टायर फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप हाईवे पर पलट गई। हादसा देर रात हुआ, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
सड़क पर बिखर गए प्याज
पिकअप के पलटते ही उसमें लदे प्याज के कट्टे फट गए और बड़ी मात्रा में प्याज सड़क पर फैल गया। हाईवे पर दूर-दूर तक प्याज बिखर जाने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम जैसी स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बिखरे प्याज और कट्टों को किनारे हटाने का प्रयास किया ताकि यातायात सुचारू हो सके। लोगों की मदद से धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई गई।
जनहानि टली, यातायात बहाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय पिकअप के आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में क्रेन की सहायता से पलटी हुई पिकअप को सड़क से हटाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य किया गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और स्थिति को नियंत्रित किया।