ओवरलोड टेंपो पलटा, तीन लोग दबे; ड्राइवर गंभीर, जयपुर रेफर
अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में माँच के तिराहे पर एक ओवरलोड टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार तीन लोग टेंपो के नीचे दब गए। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए।
सूचना मिलने पर विजय मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को टेंपो के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में दो घायलों का इलाज जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक को जयपुर रेफर किया गया है।
घायल पप्पू कुमार वाल्मीकि ने बताया कि वह हाजीपुर-डढ़ीकर गांव से अलवर जिला अस्पताल दांत दिखाने आए थे। वापस गांव लौटते समय वह प्रतापबंध से टेंपो में सवार हुए। उनके साथ गांव के ही कैलाश भी टेंपो में बैठे थे। माँच तिराहे के पास मोड़ पर अचानक टेंपो संतुलन खो बैठा और पलट गया।
इस हादसे में पप्पू के सिर में, कैलाश के पैर व सिर में चोटें आईं, जबकि चालक अमीलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अमीलाल को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से टेंपो को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।