#क्राइम #राज्य-शहर

गोविंदगढ़ थाने पर हमले के चार आरोपी न्यायिक हिरासत में, 21 मई तक जेल भेजे गए

अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना हमले के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को आज अनुसूचित जाति-जनजाति (SC/ST) कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 21 मई तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए हैं।

सरकारी वकील योगेंद्र खटाना ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में एएसआई बलवीर जाटव की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया गया था। आरोपियों पर पुलिस थाने पर हमला करने, पथराव, मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

गौरतलब है कि गत बुधवार को पटाखा जैसी आवाज करने वाली मॉडिफाइड बाइक को जब्त करने की कार्रवाई के बाद आक्रोशित भीड़ ने गोविंदगढ़ थाने पर धावा बोल दिया था। इस दौरान जमकर पथराव हुआ, जिसमें थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

आज कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वहीं, एक आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं था और उसे झूठा फंसाया गया है। उसने यह भी दावा किया कि जब्त की गई बाइक उसकी नहीं है और उसने किसी प्रकार का पथराव नहीं किया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *