#क्राइम #राज्य-शहर

दुर्ग में पीजी के कमरे में नर्सिंग छात्रा की चाकू मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग में नर्सिंग छात्रा की पीजी में चाकू मारकर हत्या

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार को एक नर्सिंग छात्रा की दिनदहाड़े हत्या का मामला सामने आया है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित एक पीजी में रह रही 19 वर्षीय छात्रा पर अज्ञात युवक ने धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पीजी के कमरे में हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान खुशी साहू (19) के रूप में हुई है, जो बेमेतरा जिले के ग्राम कुम्ही की रहने वाली थी। वह कुछ समय पहले ही भिलाई आई थी और एक निजी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ वह एक कैफे में काम भी करती थी। घटना के समय उसकी रूममेट बाथरूम में थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा और छात्रा पर धारदार हथियार से कई वार कर मौके से फरार हो गया।

सहेली ने देखी खून से लथपथ हालत

जब छात्रा की सहेली बाथरूम से बाहर आई तो उसने खुशी को कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। इसके बाद उसने मकान मालिक को सूचना दी, जिन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

कई पहलुओं पर जांच, संदिग्ध की तलाश

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के एक परिचित युवक की जानकारी मिली है। संदेह के आधार पर एक युवक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों की हो रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मृतका की सहेली, परिचितों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारण और आरोपी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *