उर्मिला सैनी हत्याकांड में नया मोड़, मुख्य आरोपी अखिलेश सैनी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला
इंदौर के चर्चित उर्मिला सैनी हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और मृतका के पति अखिलेश सैनी का शव रविवार को विदिशा जिले के गंजबासौदा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच अब नए सिरे से की जा रही है।
फरार आरोपी का रेलवे ट्रैक पर मिला शव
उर्मिला सैनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अखिलेश सैनी की तलाश पिछले कई दिनों से पुलिस कर रही थी। इसी बीच रविवार को गंजबासौदा रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि शव अखिलेश सैनी का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने कहा कि अंतिम पुष्टि परिजनों द्वारा पहचान और अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद ही की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों की जांच जारी है।
एक दिन पहले बेटी ने सुरक्षा की लगाई थी गुहार
इस घटनाक्रम से एक दिन पहले मृतका उर्मिला सैनी की बेटी अपने परिजनों के साथ सांसद शंकर लालवानी से मिली थी। इस दौरान उसने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। परिजनों का कहना था कि आरोपी के फरार रहने से पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में जी रहा था। उन्होंने मामले की विशेष जांच टीम (SIT) से जांच कराने की भी मांग उठाई थी।
11 जुलाई को हुई थी उर्मिला सैनी की हत्या
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को इंदौर की डाक कुंज कॉलोनी निवासी पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या हुई थी। इस मामले में उनके पति अखिलेश सैनी पर हत्या का आरोप लगाया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थीं। अब आरोपी का शव मिलने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
यह भी पढ़ें – वृंदावन से लौट रहे पांच दोस्तों की कार हादसे का शिकार, दो की मौत, तीन गंभीर घायल
सांसद ने पुलिस कमिश्नर से की थी चर्चा
परिजनों की शिकायत के बाद सांसद शंकर लालवानी ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह से मामले पर चर्चा की थी। परिजनों ने मांग की थी कि इस जघन्य हत्याकांड की जांच विशेष जांच दल (SIT) से कराई जाए। सांसद ने उन्हें आश्वस्त किया था कि मामले को राज्य सरकार के समक्ष उठाया जाएगा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।
अब मौत की परिस्थितियों की भी होगी जांच
अखिलेश सैनी का शव मिलने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी मौत आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के दोनों पहलुओं—उर्मिला सैनी हत्याकांड और आरोपी की मौत—की विस्तृत जांच जारी है।
https://www.facebook.com/StvNews2006