नागौर में शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा, टेंट का पोल सिर पर गिरने से 7 साल के यश की मौत
नागौर के सलेऊ चौराहा स्थित एक मैरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टेंट खोलते समय लोहे का भारी पोल सात वर्षीय यश के सिर पर गिर गया। गंभीर चोट लगने से बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन बिना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराए और पोस्टमार्टम करवाए शव घर ले गए।

मुख्य बातें
- शादी में मां के साथ गया था 7 साल का यश, टेंट का पोल गिरने से मौत
- नागौर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मासूम की दर्दनाक मौत
- टेंट खोलते समय हुआ हादसा, सिर पर पोल गिरने से बच्चे की मौत
NAGAUR,23 NOV. 2026:
शादी समारोह में खेल रहा था मासूम
जानकारी के अनुसार, चेनार के भीकाला बास निवासी अनिल गहलोत का सात वर्षीय बेटा यश शनिवार को अपनी मां के साथ शादी समारोह में शामिल होने आया था। समारोह शहर के सलेऊ चौराहा के पास स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित था।शादी की रस्में पूरी होने के बाद शनिवार दोपहर करीब 4 बजे टेंट खोलने का काम शुरू हुआ। उस दौरान यश अन्य बच्चों के साथ समारोह स्थल पर खेल रहा था।
अचानक सिर पर गिरा लोहे का पोल
टेंट हटाने के दौरान अचानक लोहे का एक पोल अनियंत्रित होकर यश के सिर पर गिर गया। चोट लगने से बालक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।मौके पर मौजूद परिजन और अन्य लोग तुरंत यश को लेकर जेएलएन राजकीय जिला अस्पताल पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
यश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बालक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
बिना रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के शव घर ले गए परिजन
कोतवाली थानाधिकारी नंदलाल रिणवा के अनुसार, रविवार सुबह परिजनों ने पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने पोस्टमार्टम करवाने से भी मना कर दिया।इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम करवाए ही यश का शव अपने साथ घर ले गए। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





