#क्राइम #खेल #देश दुनिया #राज्य-शहर

भरतपुर जिला क्रिकेट संघ में बड़ी कार्रवाई:अनुशासनहीनता पर चार खिलाड़ियों पर तीन साल का बैन…

भरतपुर जिला क्रिकेट संघ की कार्यकारिणी बैठक में गुरुवार को खिलाड़ियों की अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए चार पंजीकृत क्रिकेटरों पर तीन साल का प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया। संघ ने इसे खेल की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम बताया है।

भरतपुर जिला क्रिकेट संघ की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को श्री अग्रवाल भवन, खिरनी घाट में आयोजित हुई। इस बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष विष्णु प्रकाश अग्रवाल ने की। बैठक में कई विषयों पर चर्चा हुई, लेकिन सबसे गंभीर मुद्दा चार खिलाड़ियों द्वारा की गई कथित अनुशासनहीनता का रहा।

अध्यक्ष विष्णु प्रकाश अग्रवाल के अनुसार हाल ही में संघ की अनुशासन समिति के पास जिले के चार पंजीकृत खिलाड़ियों—सौरभ कुमार गोदारा, तनिष्क सोलंकी, राजू सिंह और हर्ष मीणा—के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों में आरोप था कि ये खिलाड़ी संघ की आचार-संहिता का उल्लंघन कर अनुशासनहीन व्यवहार में शामिल थे।

अनुशासन समिति द्वारा तथ्यों की समीक्षा के बाद इस मामले को कार्यकारिणी की बैठक में रखा गया, जहां विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खिलाड़ियों पर तीन साल तक जिला स्तर के प्रतियोगिताओं में क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगाया जाए। संघ ने स्पष्ट किया कि खेल में अनुशासन सर्वोपरि है, और भविष्य में ऐसी किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाएगा।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय खेल भावना को बनाए रखने और संगठन की प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए लिया गया है। साथ ही, खिलाड़ियों को भविष्य में अनुशासन का पालन करने के लिए भी सचेत किया गया है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *