रेल मंत्री के दौरे से पहले अलवर में बड़ा एक्शन: रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
अलवर में 15 मई को रेल मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर नगर निगम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ा अभियान चलाया। निगम की टीम जेसीबी मशीनों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सड़क किनारे व सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगी मीट-मछली की दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त किया गया। वहीं ठेले, अस्थायी ढांचे और दुकानों के बाहर तक फैला सामान भी हटाया गया। जैसे ही निगम की टीम रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के बाजार में पहुंची, दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
नगर निगम अधिकारी निशा लखानी ने बताया कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे आमजन और यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा पहले भी कई बार चेतावनी और नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन शहर का सबसे व्यस्त इलाका है, जहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई थीं और जाम की स्थिति बनी रहती थी, इसलिए यह कार्रवाई जरूरी हो गई।
निगम की ओर से चेतावनी दी गई है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर चालान के साथ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान किसी भी तरह की विवाद की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। इस कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।