ग्लूकोज समझकर जहरीली दवा पी गया मजदूर, इलाज के दौरान मौत
अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र के सोंकरी गांव में एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय मजदूर की जहरीली दवा पीने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सोंकरी निवासी महेंद्र कुमार मीणा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि गर्मी के चलते महेंद्र ने घर में रखा एक पाउच ग्लूकोज समझकर पी लिया, लेकिन वह ग्लूकोज नहीं बल्कि जहरीली दवा थी। दवा पीते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत हो गया।
परिजनों ने उसे तुरंत गंभीर हालत में अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक महेंद्र अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।