STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 5 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

कोटा-कटरा ट्रेन की पावर कार से 30 मीटर केबल चोरी, दरवाजे का ताला तोड़कर घुसे चोर

कोटा यार्ड में खड़ी कोटा-कटरा ट्रेन (20985) की पावर कार को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 30 मीटर बिजली की केबल चोरी कर ले गए। इस दौरान पावर कार का कांच भी तोड़ दिया गया। बुधवार सुबह ट्रेन के रखरखाव के लिए पिट लाइन पहुंचने पर चोरी का पता चला। आरपीएफ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, कोटा मंडल में रेलवे संपत्ति चोरी की बढ़ती घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कोटा मंडल में रेलवे संपत्ति की चोरी
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • कोटा यार्ड में खड़ी कोटा-कटरा ट्रेन (20985) को बनाया निशाना।
  • रेलवे यार्ड में चोरों का आतंक, ट्रेन का ताला तोड़कर घुसे बदमाश
  • 24 दिन में ओएचई चोरी की तीन घटनाएं, अब ट्रेन बनी निशाना

KOTA, 05 NOV. 2026:

पावर कार का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर

कोटा यार्ड में मंगलवार रात चोरों ने ट्रेन की पावर कार में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश इंजन के पीछे लगे कोच की पावर कार में घुसे। इसके लिए उन्होंने दरवाजे का ताला तोड़ दिया। अंदर पहुंचने के बाद पावर कार के दरवाजे का कांच भी तोड़ दिया। इसके बाद वहां रखी बिजली की केबल चोरी कर फरार हो गए। घटना के दौरान ट्रेन यार्ड में खड़ी थी। चोरी का पता अगले दिन सुबह कर्मचारियों को चला।

रखरखाव के लिए पिट लाइन पहुंचने पर खुला मामला

बुधवार सुबह ट्रेन रखरखाव के लिए पिट लाइन पर पहुंची। इसी दौरान कर्मचारियों ने पावर कार का ताला टूटा और कांच क्षतिग्रस्त देखा। जांच करने पर वहां रखी केबल गायब मिली। इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी। आरपीएफ कोटा पोस्ट प्रभारी चोप सिंह डाबर के अनुसार, बुधवार को चोरी की शिकायत मिली थी। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

भारी केबल लेकर फरार हुए बदमाश

कर्मचारियों के मुताबिक, पावर कार से करीब 30 से 40 मीटर केबल चोरी हुई है। वहीं, आरपीएफ अधिकारी ने लगभग 30 मीटर केबल चोरी होने की जानकारी दी है। यह तांबे के तार वाली भारी केबल थी। इसकी कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि केबल इतनी भारी थी कि एक व्यक्ति के लिए इसे उठाना भी मुश्किल था। यह अतिरिक्त केबल थी, जिसका इस्तेमाल एसी कोचों की बिजली आपूर्ति बाधित होने पर किया जाता था।

चोरी के बाद पावर कार में की गई अस्थायी व्यवस्था

वारदात के बाद रेलवे कर्मचारियों ने पावर कार में जरूरी वैकल्पिक व्यवस्था की। एसी कोचों की बिजली आपूर्ति के लिए दूसरी केबल रखी गई। वहीं, टूटे हुए कांच की जगह प्लाई लगाई गई। कर्मचारियों के अनुसार, पावर कार से एक पाने का सेट भी गायब मिला। इसके अलावा मल्टीमीटर पावर कार के टॉयलेट में मिला। चोरी और तोड़फोड़ की घटना से रेलवे कर्मचारियों को रखरखाव संबंधी काम में परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोटा मंडल में रेलवे संपत्ति की चोरी से बढ़ी चिंता

कोटा मंडल में रेलवे संपत्ति चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, चालू रेलवे लाइन से ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार काटने की घटनाएं भी हुई हैं। पिछले 24 दिनों में ऐसी तीन घटनाएं सामने आने की बात कही गई है। अब ट्रेन की पावर कार से केबल चोरी होने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और चोरी की गई केबल की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

पुलिस का पक्ष

आरोपियों की पहचान और चोरी की गई केबल की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।